Bokaro: बोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के सेक्टर-12 एफ में रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां 60 वर्षीय प्रमिला देवी की उनके ही बेटे ने कथित तौर पर सबल से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे
जानकारी के अनुसार, घर से हो-हल्ले की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आवास का बाहरी दरवाजा खोला और गंभीर रूप से घायल प्रमिला देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कमरे में खुद को किया बंद
घटना के बाद आरोपी पुत्र ने खुद को आवास के अंदर एक कमरे में बंद कर लिया। पड़ोसियों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद मामले की सूचना सेक्टर-12 थाना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर आरोपी को पकड़ा
सूचना मिलते ही सेक्टर-12 इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो उसे बाहर से तोड़ दिया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना ले गई।
हत्या के पीछे रुपये को लेकर विवाद की आशंका
सूत्रों के अनुसार, आरोपी पुत्र अपनी मां से बार-बार रुपये की मांग करता था। उसके पिता का वर्ष 2018 में निधन हो चुका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, लेकिन वह घटना को लेकर अलग-अलग बातें बता रहा है। पुलिस उसके बयानों की सत्यता की जांच कर रही है और हत्या के वास्तविक कारण का पता लगाने में जुटी है।
फॉरेंसिक जांच के निर्देश
घटना की सूचना मिलने पर सिटी डीएसपी राजीव रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
अलग-अलग बयान दे रहा आरोपी
पुलिस फिलहाल आरोपी पुत्र से पूछताछ कर रही है। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि मामले की तहकीकात शुरू कर दी गई है और जल्द ही घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा। घटना के बाद आसपास के लोग भी सकते में हैं।
