Bokaro: चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कुम्हरी बस्ती निवासी एक 17 वर्षीय युवक का शव महुदा थाना क्षेत्र के नूतनडीह जंगल में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान स्वर्गीय सुखदेव सिंह के पुत्र ध्रुप सिंह के रूप में हुई है।

सुबह खेत जा रही महिलाओं ने देखी घटना, मचा हड़कंप
शनिवार सुबह लोहापट्टी–सिंदरी हीरक मार्ग पर नूतनडीह बस्ती के समीप झाड़ियों में पेड़ से लटके शव को खेत की ओर जा रही महिलाओं ने देखा। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भेजा पोस्टमार्टम
घटना की जानकारी मिलते ही महुदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घर से निकला था, मोबाइल बंद होने के बाद से था लापता
परिजनों के अनुसार, ध्रुप सिंह शुक्रवार करीब 11 बजे घर से निकला था। इसके कुछ देर बाद ही उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
साइबर धमकी की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
मृतक के बड़े भाई विशाल सिंह ने बताया कि ध्रुप ने दो दिन पहले फोन पर किसी व्यक्ति द्वारा धमकी दिए जाने की बात बताई थी। इसी आधार पर परिजनों ने साइबर अपराध या ऑनलाइन धमकी से जुड़े एंगल की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, हर एंगल से जांच जारी
महुदा थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों से लिखित आवेदन मिलने पर आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

