Bokaro: आगामी NEET परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने को लेकर बोकारो पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में सिटी डीएसपी के नेतृत्व में सिटी सेंटर क्षेत्र के विभिन्न होटलों और लॉजों में सघन जांच अभियान चलाया गया।

होटलों में ठहरे लोगों की हुई जांच
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने होटलों में ठहरे व्यक्तियों की पहचान की जांच की। साथ ही आगंतुक पंजी (Visitor Register) का सत्यापन करते हुए संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल की गई। पुलिस ने होटल संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

बिना पहचान पत्र कमरा देने पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने होटल और लॉज संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति को बिना वैध पहचान पत्र के कमरा उपलब्ध नहीं कराया जाए। इसके अलावा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना को देने को कहा गया।
परीक्षा को लेकर लगातार रहेगी निगरानी
पुलिस प्रशासन ने बताया कि यह अभियान NEET परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से आयोजित कराने के उद्देश्य से चलाया गया है। परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए होटल, लॉज समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर आगे भी जांच और निगरानी जारी रहेगी।

