Bokaro: चमचमाती नई कार, शोरूम की रोशनी, सजी हुई गाड़ियां और डिलीवरी का इंतजार करते ग्राहक—विश्वकर्मा पूजा से पहले बोकारो का ऑटोमोबाइल बाजार इसी तस्वीर में रंगा नजर आ रहा है। 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के साथ शहर के वाहन बाजार में एक साथ रफ्तार आने की उम्मीद है। डीलरों के मुताबिक इस बार पिछले वर्ष की तुलना में वाहन बिक्री में करीब 15 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि हो सकती है। जिले के चारपहिया और दोपहिया शोरूमों को मिलाकर करीब 500 वाहनों की बिक्री का अनुमान लगाया जा रहा है।

इस बार चारपहिया बाजार में Kia की गाड़ियों ने खास तौर पर अपनी मौजूदगी मजबूत की है। विश्वकर्मा पूजा के लिए कई Kia वाहनों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है और ग्राहकों को 17 सितंबर को डिलीवरी दी जानी है। Kia के साथ Maruti, Hyundai और Tata के शोरूम भी त्योहारी सीजन को लेकर तैयार हैं।
Seltos की डिमांड ने बढ़ाया उत्साह
चास फोरलेन स्थित Kia शोरूम में बुधवार देर रात तक तैयारियां चलती रहीं। गाड़ियों की सफाई, सजावट और डिलीवरी की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया। शोरूम को भी आकर्षक तरीके से सजाया गया है।

Kia शोरूम के CEO मनीष जैन के अनुसार बोकारो में ब्रांड की स्वीकार्यता लगातार बढ़ी है। उन्होंने कहा, “पिछले वर्षों की तुलना में इस बार Kia की बिक्री में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। विश्वकर्मा पूजा के लिए कई गाड़ियों की एडवांस बुकिंग है और इसके अलावा लगातार नई क्वेरी भी आ रही हैं।”
उनके मुताबिक Seltos फिलहाल ग्राहकों की पसंद में सबसे आगे है। उन्होंने कहा, “Seltos की डिमांड सबसे ज्यादा है। पेट्रोल और डीजल मॉडल के साथ Kia की EV और हाइब्रिड गाड़ियों में भी ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ रही है।”
बोकारो में Kia का शोरूम और सर्विस सेंटर खुलने के बाद ग्राहकों के पास पारंपरिक विकल्पों के अलावा एक और प्रीमियम विकल्प उपलब्ध हुआ है। मनीष जैन कहते हैं, “मैं इतना ही कहूंगा कि बोकारो की सड़कों पर अगर पांच गाड़ियां आपके बगल से गुजरेंगी तो उनमें एक Kia जरूर होगी। हम केवल गाड़ी बेचने पर नहीं, बल्कि सर्विस क्वालिटी पर भी ध्यान देते हैं।”
EV की ओर बढ़ रहा बाजार
बोकारो के ऑटोमोबाइल बाजार में इस बार एक और बदलाव साफ दिखाई दे रहा है—इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती हिस्सेदारी। चारपहिया में EV और हाइब्रिड मॉडल को लेकर पूछताछ बढ़ी है, जबकि दोपहिया बाजार में इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग खास तौर पर मजबूत रहने की उम्मीद है।
दिलचस्प बात यह है कि इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार अब केवल बड़े ब्रांड तक सीमित नहीं है। कई छोटे और नए ब्रांड भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। कीमत, रनिंग कॉस्ट और पेट्रोल की तुलना में कम परिचालन खर्च जैसे पहलुओं के कारण युवा खरीदारों के साथ परिवार भी इलेक्ट्रिक विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।
Maruti, Hyundai और Tata की भी मजबूत तैयारी
Kia की बढ़ती मांग के बीच Maruti, Hyundai और Tata भी बाजार में अपनी हिस्सेदारी बनाए रखने की तैयारी में हैं। विश्वकर्मा पूजा को वाहन खरीदने के लिए शुभ अवसर मानने वाले ग्राहकों के कारण शोरूमों में पूछताछ और बुकिंग बढ़ी है।
डीलरों का अनुमान है कि पूजा के आसपास सिर्फ कार ही नहीं, बल्कि बाइक, स्कूटर और इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की भी अच्छी बिक्री होगी। कई ग्राहकों ने पूजा के दिन डिलीवरी लेने की इच्छा पहले ही जाहिर कर दी है।
क्यों खास है विश्वकर्मा पूजा?
नवनाथ मंदिर के दशरथ पंडित के अनुसार, “विश्वकर्मा पूजा के दिन नई गाड़ी, बाइक, साइकिल या किसी भी मशीनरी की खरीदारी को शुभ माना जाता है। इस दिन को अबूझ मुहूर्त यानी स्वयं सिद्ध मुहूर्त कहा जाता है। इसलिए वाहन खरीदने के लिए किसी अलग शुभ घड़ी का इंतजार नहीं करना पड़ता।” यही धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यता ऑटोमोबाइल कारोबार के लिए विश्वकर्मा पूजा को खास बना देती है। कारोबारियों के लिए यह सिर्फ पूजा का दिन नहीं, बल्कि साल के महत्वपूर्ण बिक्री अवसरों में से एक है।
शोरूम से सड़क तक बदलेगा नजारा
17 सितंबर को जब पूजा के बाद नई कारों और दोपहिया वाहनों की डिलीवरी शुरू होगी, तो बोकारो की सड़कों पर नए मॉडल की चमक भी दिखाई देगी। कहीं परिवार पहली कार की चाबी लेकर शोरूम से निकलता नजर आएगा, तो कहीं वर्षों पुराने वाहन को बदलकर नई गाड़ी घर ले जाने की खुशी होगी।
इस बार बाजार की तस्वीर में एक साथ कई बदलाव दिखाई दे रहे हैं—पारंपरिक पेट्रोल-डीजल वाहनों की मजबूत मांग, Kia जैसे ब्रांड की बढ़ती लोकप्रियता, Seltos का आकर्षण और EV की ओर बढ़ता रुझान। अब विश्वकर्मा पूजा के दिन यह देखना दिलचस्प होगा कि बुकिंग और पूछताछ का कितना हिस्सा वास्तविक डिलीवरी में बदलता है।
