Bokaro: बोकारो जिले में क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषा (TRL) विषयों में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) की पढ़ाई शुरू कराने की पहल से विद्यार्थियों और शिक्षाविदों में खुशी की लहर है। लंबे समय से चली आ रही इस मांग को लेकर अब सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं।


विधायक के प्रस्ताव से जगी उम्मीद
चंदनक्यारी में छात्र नेता युगदेव महथा की अगुवाई में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि विधायक सह बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU), धनबाद के सीनेट सदस्य ने TRL विषयों में पीजी की पढ़ाई शुरू कराने को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा है। इससे स्थानीय भाषाओं में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों को नई उम्मीद मिली है।
विधानसभा में भी उठ चुकी है पीजी की मांग
बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि पिछले सत्र में विधायक ने चास कॉलेज, चास में पीजी की पढ़ाई शुरू कराने की मांग झारखंड विधानसभा में प्रमुखता से उठाई थी। स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे इन प्रयासों की छात्र संघ और शिक्षकों ने सराहना की।

छात्र नेताओं ने जताया आभार
इस पहल के लिए छात्र संघ और शिक्षकों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में आनंद महतो, अशोक रजक, मंजेश महथा, संदीप रजवार, राजीव महतो, सचिन महतो, जयराम महतो, आकाश महतो और अक्षय महतो समेत कई छात्र नेता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
