Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट में महिला अधिकारियों को अब वित्तीय फैसलों की बारीकियां भी सिखाई जा रही हैं। मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के सम्मेलन कक्ष में मंगलवार को ‘बहीखाता – बिजनेस लीडरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम’ का शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 और 23 सितंबर को आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिला अधिकारियों को वित्तीय व्यवस्था की बुनियादी समझ देने के साथ उनके प्रबंधकीय और निर्णय लेने के कौशल को मजबूत करना है। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को कंपनी के वित्तीय नियमों, प्रक्रियाओं और बजट से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी जा रही है।
सही वित्तीय समझ से बेहतर होंगे फैसले
सत्र में अधिकारियों को बताया गया कि किसी भी विभाग में काम करने वाले अधिकारी के लिए संगठन की वित्तीय कार्यप्रणाली को समझना जरूरी है। वित्तीय नियमों की जानकारी होने से अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र से जुड़े मामलों में अधिक सटीक और व्यावहारिक निर्णय ले सकते हैं।

प्रशिक्षण के दौरान मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के सहायक महाप्रबंधक और वित्त एवं लेखा विभाग के वरीय प्रबंधक संकाय सदस्य के रूप में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। वित्तीय अवधारणाओं के साथ बजटीय सिद्धांत, वित्तीय प्रक्रियाएं, वित्तीय अनुशासन और आंकड़ों के विश्लेषण से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर भी चर्चा की जा रही है।
नेतृत्व क्षमता को धार देने की पहल
बीएसएल की यह पहल महिला अधिकारियों के पेशेवर विकास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने पर केंद्रित है। वित्तीय समझ को नेतृत्व कौशल से जोड़कर अधिकारियों को कार्यस्थल पर बेहतर निर्णय लेने के लिए तैयार किया जा रहा है। विभाग के अनुसार, ऐसी प्रशिक्षण पहल से कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ संगठन के विकास लक्ष्यों को हासिल करने में भी मदद मिलेगी।
