Bokaro: जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र के तुपकाडीह स्थित कुम्हारडीह जंगल में 28 जुलाई को मिले 17 वर्षीय युवक बासुदेव कुमार के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी राखी रवानी ने अपने कथित प्रेमी मुन्ना गुप्ता उर्फ दुर्गेश गुप्ता के साथ मिलकर साजिश रचकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने ऐसे किया हत्याकांड का खुलासा
पुलिस निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में सफल रही। उन्होंने बताया कि चिराचास थाना क्षेत्र के गांधाजोड़ निवासी बासुदेव कुमार जो सिर्फ 17 साल चार महीने के थे (आधार कार्ड के अनुसार) की शादी जून माह में भवानीपुर साईड निवासी 40 वर्षीय राखी रवानी से हुई थी। शादी के बाद दोनों तुपकाडीह में किराये के मकान में रह रहे थे।

पुराने प्रेम संबंध ने ली युवक की जान
पुलिस के अनुसार, राखी रवानी की पहली शादी करीब 20 वर्ष पहले बिहार के मोतिहारी जिले के एक युवक से हुई थी। इस शादी से उसका एक बेटा भी है, जिसकी उम्र वर्तमान में 17 वर्ष है और वह अपने ननिहाल में रहता है। पुलिस ने बताया कि पहली शादी के बाद राखी रवानी का मुन्ना गुप्ता उर्फ दुर्गेश गुप्ता से प्रेम संबंध हो गया था। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और पहली शादी में दरार आ गई। इसके बाद राखी अपने बच्चे को छोड़कर मुन्ना गुप्ता के साथ रहने लगी थी।
प्रेमी की दूसरी शादी से नाराज थी राखी
जांच में सामने आया कि मुन्ना गुप्ता ने राखी को बिना बताए कहीं और शादी कर ली थी। प्रेमी के इस फैसले से राखी काफी नाराज थी। इसी बीच उसने बासुदेव कुमार से शादी कर ली। हालांकि, बासुदेव के परिजनों ने इस शादी का विरोध करते हुए दोनों को घर से निकाल दिया, जिसके बाद दोनों तुपकाडीह में किराये के मकान में रहने लगे।
कार में बैठाकर जंगल ले गए, फिर कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, मुन्ना गुप्ता और राखी रवानी ने मिलकर बासुदेव कुमार की हत्या की योजना बनाई। साजिश के तहत 26 जुलाई को बासुदेव को बहला-फुसलाकर कार में बैठाया गया और तुपकाडीह के कुम्हारडीह स्थित जंगल-झाड़ी वाले इलाके में ले जाया गया। वहां आरोपियों ने पहले उसे विषाक्त पदार्थ पिलाया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल में फेंक दिया गया।
हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कार, मोबाइल फोन, फंदा लगाने वाली साड़ी का टुकड़ा, मृतक का चप्पल, कीटनाशक दवा की शीशी और बासुदेव का शर्ट बरामद किया है। जरीडीह पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही दिनों में हत्याकांड का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

