बोकारो: नावाडीह थाना क्षेत्र के बिरनी गांव में घर में घुसकर हथियार के बल पर डकैती करने के मामले में पुलिस ने करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी मुस्ताक शेख उर्फ मो. मुस्ताक को गिरफ्तार कर लिया है। धनबाद जिले के मधुबन थाना क्षेत्र की खरखरी बस्ती निवासी 26 वर्षीय मुस्ताक को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला नावाडीह थाना कांड संख्या 57/2025 से जुड़ा है। बिरनी निवासी धनेश्वर साहु ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया था कि 18 अगस्त 2025 की रात करीब एक बजे 8-10 हथियारबंद अपराधियों ने उनके घर के पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर प्रवेश किया था।
हथियार का भय दिखाकर लूटे थे जेवरात और नकदी
घर में घुसने के बाद अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर परिवार के सदस्यों को आतंकित किया और जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर नावाडीह पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

अनुसंधान के दौरान पुलिस ने मामले में सात अप्राथमिकी आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया था। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
न्यायालय से जारी हुआ था इस्तेहार
पुलिस के मुताबिक, मुस्ताक शेख घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। फरार रहने के कारण उसके खिलाफ न्यायालय से इस्तेहार भी जारी किया गया था।
जांच के क्रम में पुलिस को आरोपी के संबंध में जानकारी मिली, जिसके बाद छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने 19 अगस्त 2026 को उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
तीन सदस्यीय टीम ने की गिरफ्तारी
मुस्ताक शेख की गिरफ्तारी के लिए की गई कार्रवाई में नावाडीह थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार सोनी, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार राम और आरक्षी 1334 शेख मो. शोहराब शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस डकैती की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। बोकारो पुलिस के अनुसार, जिले में संगठित अपराध और लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
