Bokaro: जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5500 लीटर अवैध स्पिरिट बरामद किया है। महुआटांड़ थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव में झाड़-जंगल के किनारे क्रेशर खदान के पास स्थित एक निर्माणाधीन मकान में स्पिरिट छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने छापेमारी कर पूरे जखीरे को जब्त कर लिया।

तीन सिंटेक्स और 14 ड्रम में छिपाकर रखा था स्पिरिट
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा को 16 नवंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक अनिल कच्छप के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में महुआटांड़, जरीडीह विहार और ललपनिया थाना की पुलिस शामिल थी। तलाशी के दौरान तीन सिंटेक्स में 2700 लीटर और 14 नीले ड्रम में 2800 लीटर अवैध स्पिरिट मिला। कुल 5500 लीटर स्पिरिट विधिवत जब्त किया गया।

अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हुए धंधेबाज
पुलिस को देखकर अवैध कारोबार में संलिप्त लोग घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश में छानबीन भी की, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस मामले में महुआटांड़ थाना कांड संख्या 50/2026, दिनांक 17 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 274/275 तथा झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अवैध स्पिरिट के भंडारण, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
