Bokaro: छठ महापर्व को लेकर बोकारो में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने चास नगर निगम एवं बोकारो स्टील सिटी क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने 10 नवंबर से पहले सभी घाटों पर साफ-सफाई, मरम्मती, घाट निर्माण और प्रकाश व्यवस्था पूरी करने का निर्देश दिया।
सोलागडीह तालाब की सफाई में तेजी लाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीसी ने चास स्थित सोलागडीह तालाब छठ घाट पर जलकुंभी हटाने और अतिरिक्त श्रमिक लगाकर सफाई कार्य में तेजी लाने को कहा। अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार और उप महापौर पूजा कुमारी को नियमित निगरानी का निर्देश दिया गया। प्रशिक्षु आईएएस अरविंद कुमार प्रतिदिन सफाई कार्यों का जायजा लेंगे।

सूर्य मंदिर और जगन्नाथ मंदिर घाट का लिया जायजा
इसके बाद अधिकारियों ने सेक्टर-4 स्थित सूर्य मंदिर और जगन्नाथ मंदिर छठ घाट का निरीक्षण किया। डीसी ने बीएसएल प्रबंधन को आवश्यक मरम्मती और अन्य तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

कूलिंग पॉन्ड की सफाई में देरी पर नाराजगी
सेक्टर-9 स्थित कूलिंग पॉन्ड में सफाई कार्य शुरू नहीं होने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने दिवाली से पहले सफाई पूरी करने का निर्देश दिया। वहीं, गरगा नदी छठ घाट की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।
छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का निर्देश
डीसी-एसपी ने सभी घाटों पर गोताखोर, बैरिकेडिंग, बैलून, जरूरत के अनुसार एंबुलेंस और मिनी कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
