Bokaro: डॉ. राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स, बोकारो की ओर से एमजीएम हायर सेकेंड्री स्कूल सेक्टर-4 एफ में गुरुवार को ‘गुरु वशिष्ठ बेस्ट टीचर अवार्ड’ समारोह आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के 61 शिक्षक-शिक्षिकाओं को उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ समारोह का शुभारंभ
मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा सहित सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। विद्यार्थियों ने गीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दीं।

शिक्षक समाज को देते हैं सही दिशा : आईजी
आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि शिक्षक समाज को सही दिशा देने के साथ बच्चों के भविष्य को आकार देते हैं। उन्होंने शिक्षकों से स्वयं अनुशासन में रहकर विद्यार्थियों के लिए आदर्श बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत उनकी क्षमता को सही दिशा देने की है।

शिक्षक बच्चों का भविष्य संवारते हैं : फादर जोशी वर्गीस
एमजीएम हायर सेकेंड्री स्कूल के प्राचार्य एवं सीबीएसई डिस्ट्रिक्ट डिप्टी कोऑर्डिनेटर फादर डॉ. जोशी वर्गीस ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और उनके भविष्य को संवारते हैं। उन्होंने शिक्षकों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
61 शिक्षकों को मिला सम्मान
भारत सिंह पब्लिक स्कूल, बोकारो पब्लिक स्कूल, बीआरएल डीएवी, चिन्मय विद्यालय, विभिन्न डीएवी स्कूलों, माउंट सियोन, रेनबो, गैलेक्सी, मिथिला अकादमी, सरदार पटेल स्कूल समेत कई संस्थानों के 61 शिक्षक-शिक्षिकाओं को ‘गुरु वशिष्ठ बेस्ट टीचर अवार्ड’ प्रदान किया गया।
विद्यालय प्रमुख भी हुए सम्मानित
समारोह में आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के निदेशक और प्राचार्यों को भी सम्मान मिला। कार्यक्रम में कई विद्यालयों के शिक्षक, प्राचार्य और निदेशक उपस्थित रहे।
