Bokaro: जिले से लंबे समय से लापता तीन लोगों की तलाश अब राष्ट्रीय स्तर पर तेज कर दी गई है। झारखंड सीआईडी ने इन तीनों की गुमशुदगी को गंभीरता से लेते हुए देशभर के पुलिस तंत्र को अलर्ट किया है। सीआईडी के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) मनोज कौशिक के माध्यम से सभी राज्यों के पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी) और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को ह्यू एंड क्राइ नोटिस जारी किया गया है। इसके बाद तीनों लापता व्यक्तियों की तलाश पूरे देश में शुरू कर दी गई है।

गोमिया और बेरमो के तीन लोग हैं लापता
सीआईडी द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, जिन लोगों की तलाश की जा रही है उनमें गोमिया थाना क्षेत्र निवासी बुद्धन गोप की 65 वर्षीय पत्नी मुन्नी देवी, बेरमो थाना क्षेत्र के गांधीनगर ओपी निवासी जितेंद्र कुमार सोनी की 46 वर्षीय पत्नी कंचन देवी तथा गांधीनगर ओपी क्षेत्र निवासी गिरिश पासवान शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, मुन्नी देवी मार्च 2026 से लापता हैं, जबकि कंचन देवी 27 सितंबर 2020 और गिरिश पासवान 7 नवंबर 2020 से लापता हैं। लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिलने के बाद सीआईडी ने राष्ट्रीय स्तर पर तलाश अभियान शुरू किया है।

सभी राज्यों की पुलिस को भेजी गई नोटिस की प्रति
सीआईडी ने 25 जुलाई को जारी ह्यू एंड क्राइ नोटिस की प्रतियां राज्य के सभी जोनल आईजी, रेंज डीआईजी, जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी), थाना प्रभारियों, ओपी, पुलिस चौकियों और बीट अधिकारियों को भी भेजी हैं। इसका उद्देश्य लापता व्यक्तियों की जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और आम जनता के सहयोग से उनकी तलाश को प्रभावी बनाना है।
क्या होता है ह्यू एंड क्राइ नोटिस?
ह्यू एंड क्राइ नोटिस पुलिस की एक विशेष प्रक्रिया है, जिसका उपयोग लापता व्यक्तियों, फरार आरोपितों या संदिग्धों की तलाश के लिए किया जाता है। इस नोटिस में संबंधित व्यक्ति का फोटो, हुलिया और अन्य पहचान संबंधी महत्वपूर्ण विवरण शामिल होते हैं, ताकि किसी भी स्थान से सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
दूसरी बार जारी हुआ ऐसा नोटिस
झारखंड सीआईडी द्वारा इस तरह का ह्यू एंड क्राइ नोटिस दूसरी बार जारी किया गया है। इससे पहले रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका की तलाश के लिए भी सभी राज्यों की पुलिस से सहयोग मांगा गया था। अब बोकारो जिले के तीन लापता लोगों की खोज के लिए भी इसी प्रक्रिया को अपनाया गया है। सीआईडी को उम्मीद है कि राष्ट्रीय स्तर पर जारी इस अभियान और आम नागरिकों के सहयोग से तीनों लापता व्यक्तियों का जल्द पता लगाया जा सकेगा।

