Bokaro: पंचकर्म चिकित्सा सुविधा को जल्द शुरू करने की तैयारी है। जिला प्रशासन ने पंचकर्म भवन का संचालन एक महीने के भीतर शुरू करने का निर्देश दिया है। इसके लिए भवन को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर संचालित करने की योजना है। वहीं, हेल्थ कॉटेज के निर्माण के लिए दो एकड़ जमीन चिन्हित करने को कहा गया है, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

सोमवार को समाहरणालय में जिला आयुष समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने आयुष सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिला आयुष पदाधिकारी डॉ. शिव शंकर पांडेय को पंचकर्म भवन के संचालन के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर उप विकास आयुक्त के माध्यम से प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
सड़क संपर्क वाली जगह पर बनेगा हेल्थ कॉटेज
हेल्थ कॉटेज के लिए दो एकड़ भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि जमीन का चयन ऐसे स्थान पर किया जाए, जहां आम लोगों की पहुंच आसान हो और सड़क संपर्क बेहतर हो।

बर्न यूनिट शुरू करने का निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने सिविल सर्जन डॉ. एबी प्रसाद को बर्न यूनिट का संचालन शुरू करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। 10 बेड वाले महर्षि चरक अस्पताल के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। अस्पताल में आउटसोर्सिंग के माध्यम से सुरक्षा गार्ड की तैनाती की प्रक्रिया पर विचार किया गया।
हर प्रखंड में बढ़ेगी आयुष की पहुंच
उपायुक्त ने प्रत्येक प्रखंड में वायु मित्र से संबंधित गतिविधियां संचालित करने और आयुष सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। जिले के योग केंद्रों की गतिविधियों के लाइव फोटो नियमित रूप से उपलब्ध कराने तथा पीआरडी को भेजने को भी कहा गया।
बुजुर्गों के लिए हर महीने विशेष शिविर
प्रशासन ने प्रत्येक आयुष्मान आरोग्य मंदिर में हर महीने के तीसरे सप्ताह वृद्धजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा ऑस्टियोआर्थराइटिस और अन्य मस्कुलोस्केलेटल डिसऑर्डर की रोकथाम एवं प्रबंधन से जुड़े राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत प्रत्येक प्रखंड में हर माह एक स्वास्थ्य शिविर लगाने पर भी चर्चा हुई।
पहले से चिन्हित आयुष ग्राम में भी हर महीने शिविर आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त ने अधिकारियों को शिविरों की नियमितता सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक लोगों को आयुष चिकित्सा सेवाओं से जोड़ने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, सिविल सर्जन डॉ. एबी प्रसाद और जिला आयुष पदाधिकारी डॉ. शिव शंकर पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
