Bokaro:बोकारो जिले के कसमार प्रखंड स्थित सेवाती घाटी को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन के घाटी भ्रमण के बाद जिला प्रशासन ने इस दिशा में पहल शुरू कर दी है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने संबंधित अधिकारियों को पर्यटन विकास की संभावनाओं का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।


23 अक्टूबर को होगी उच्चस्तरीय बैठक
उपायुक्त ने अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र को 23 अक्टूबर को विकास योजनाओं पर चर्चा के लिए उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को प्रारंभिक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा गया है।
मैपिंग के आधार पर बनेगी विकास योजना
सेवाती घाटी की भौगोलिक स्थिति और आसपास की बसावटों की मैपिंग जल्द पूरी की जाएगी। इसके आधार पर प्राकृतिक संसाधनों और पर्यटन की संभावनाओं का आकलन कर व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

बुनियादी सुविधाओं और पर्यावरण पर रहेगा जोर
पर्यटन विकास की योजना में सड़क संपर्क, नागरिक सुविधाओं, पर्यटकों की सुरक्षा और आधारभूत संरचनाओं पर ध्यान दिया जाएगा। साथ ही घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने को प्राथमिकता दी जाएगी।
रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद
हरी-भरी पहाड़ियों, जंगलों और घुमावदार रास्तों के लिए प्रसिद्ध सेवाती घाटी में प्रकृति आधारित पर्यटन, भ्रमण और पिकनिक की संभावनाएं हैं। झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा के निकट स्थित यह क्षेत्र पर्यटन के विकास से स्थानीय रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा कर सकता है।
