Bokaro: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत सुनवाई प्रक्रिया की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को बोकारो समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अजय नाथ झा की अध्यक्षता में हुई बैठक में ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ के कार्यों की प्रगति तथा लंबित मामलों की समीक्षा की गई।
कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से नहीं रहे वंचित
डीसी अजय नाथ झा ने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी लंबित मामलों का आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

दस्तावेजों की कमी पर आवेदन वापस नहीं करने का निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि दस्तावेजों की अनुपलब्धता या नाम, उम्र और अन्य विवरणों में विसंगति के आधार पर किसी पात्र व्यक्ति का आवेदन अनावश्यक रूप से वापस नहीं किया जाए। पात्रता और नागरिकता के सत्यापन के लिए माता-पिता, भाई-बहन तथा अन्य स्वीकार्य अभिलेखों की नियमानुसार जांच की जाए।
बीएलओ करेंगे स्थल सत्यापन
डीसी ने कहा कि रोजगार और अन्य कारणों से दूसरे स्थानों पर रहने वाले शहरी मतदाताओं के मामलों में बीएलओ स्थल सत्यापन कर उपलब्ध तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट दें। किसी तकनीकी समस्या या संदेह की स्थिति में संबंधित अधिकारी को स्पष्ट प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए।
लापरवाही की शिकायत पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने बीएलओ के कार्यों में लापरवाही की शिकायतों को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कर्मियों को प्रक्रिया समझने में परेशानी होने पर आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अनुराधा कुमारी, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, चास एसडीओ प्रांजल ढांडा सहित सभी एईआरओ और बीएलओ उपस्थित थे।
