Bokaro: बुधवार को डीईओ-सह-डीसी अजय नाथ झा ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ SIR-2026 को लेकर बैठक की। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान दस्तावेजों, आयु सत्यापन, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता व्यवस्था पर चर्चा हुई।

आयु विसंगति होने पर होगा सत्यापन
डीईओ-सह-डीसी ने कहा कि SIR-2026 का उद्देश्य किसी भी पात्र भारतीय नागरिक को मतदाता सूची से बाहर करना नहीं है। मतदाता की आयु में अंतर या विसंगति मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत वास्तविक आयु का प्रमाणन और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना सुनिश्चित किया जाएगा।
दस्तावेज नहीं होने पर भी मिलेगा सहयोग
उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं हैं या जो दस्तावेज बनवाने की प्रक्रिया में हैं, उन्हें प्रक्रिया समझने और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने में हरसंभव सहयोग दिया जाए।

10 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर मेगा कैंप
डीईओ-सह-डीसी ने बताया कि 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा कैंप आयोजित होगा। यहां मतदाताओं को प्रपत्र, दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी एवं आवश्यक सहायता दी जाएगी। वहीं, 12 से 16 अक्टूबर तक जरूरतमंद नागरिकों के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
हेल्प डेस्क से मिल रही जरूरी जानकारी
जिले में हेल्प डेस्क और सहायता कैंप के माध्यम से SIR-2026 से संबंधित आवेदन, दस्तावेज और प्रक्रिया को लेकर मार्गदर्शन दिया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार समाधान उपलब्ध कराया जाए।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने दिए सुझाव
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने SIR-2026 से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव रखे। मौके पर भाजपा से संजय त्यागी, कांग्रेस से जवाहर लाल माहथा व देवाशीष मंडल, आम आदमी पार्टी से विधान चंद्र गोराई, आरजेडी से घनश्याम चौधरी व सीताराम यादव, बसपा से मोहम्मद सुल्तान व समीर कुमार तथा माकपा से भागीरथ शर्मा समेत अन्य उपस्थित रहे।
