Bokaro: उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में गुरुवार को आत्मा (कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण) की प्रबंध समिति की बैठक हुई। इसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला कृषि विस्तार कार्ययोजना, किसानों के प्रशिक्षण, दलहन उत्पादन और प्रमाणित बीज की उपलब्धता की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


प्रमाणित बीज उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
उपायुक्त ने कृषि विज्ञान केंद्र के सहयोग से दलहन उत्पादन बढ़ाने और गुणवत्तायुक्त प्रमाणित बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण देने तथा नई तकनीक अपनाने के इच्छुक और अनुभवी किसानों का पारदर्शी तरीके से चयन करने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण के लिए चयन प्रक्रिया एक सप्ताह में पूरी कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा।
डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने का निर्देश
डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 8,75,924 के लक्ष्य के विरुद्ध 4,11,254 सर्वे पूरे हुए हैं। इस प्रकार सर्वे की प्रगति 46.95 प्रतिशत है। उपायुक्त ने धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए सर्वे में तेजी लाने और पूर्ण सर्वे का शत-प्रतिशत अनुमोदन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

हर 12 घंटे में देनी होगी रिपोर्ट
उपायुक्त ने जिला कृषि पदाधिकारी को प्रत्येक 12 घंटे पर प्रगति प्रतिवेदन प्राप्त कर समीक्षा करने तथा कम प्रगति वाले प्रखंडों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। बैठक में प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला कृषि पदाधिकारी मो. शाहिद अंसारी, एपीआरओ अविनाश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
