Education

राष्ट्रीय एकता व अस्मिता बनाए रखने में हिन्दी की सशक्त भूमिका: गंगवार


Bokaro: राजभाषा हिन्दी के प्रति बच्चों में अपनत्व का भाव विकसित करने के उद्देश्य से दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) बोकारो द्वारा हिन्दी पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसे स्मरणीय बनाने हेतु शुक्रवार को विद्यालय की वार्षिक हिन्दी पत्रिका ‘स्वरा’ का विमोचन किया गया। विद्यालय के कालिदास कला भवन में आयोजित इस समारोह की शुरुआत दीप प्रज्जवलन से हुई।

तत्पश्चात प्राचार्य ए. एस. गंगवार ने ‘स्वरा’ का विमोचन किया। उन्होंने पत्रिका के ‘ई-संस्करण’ का भी अनावरण किया। ‘स्वरा’ में विद्यालय के शिक्षकों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं की काव्य-कृतियों, कहानियों, नारा-लेखन आदि को सचित्र संग्रहित कर सुंदर ढंग से प्रकाशित किया गया है। प्राचार्य गंगवार ने साहित्यिक रचनाधर्मिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में ‘स्वरा’ को एक सराहनीय कदम बताया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हिन्दी विश्व की समृद्धतम भाषाओं में से एक है। हमें हिंदीभाषी होने पर गर्व का अनुभव करना चाहिए। यह हिन्दुस्तान की संस्कृति और गौरवशाली परंपरा की पहचान रही है, जिसने राष्ट्रीय एकता व अस्मिता को बनाए रखने में अपनी सशक्त भूमिका निभाई है। इसकी वैज्ञानिकता, मौलिकता, सरलता, सहजता, सुबोधता और स्वीकार्यता ने इसे समृद्ध बनाया है।

इसी के परिणामस्वरूप आज इसे वैश्विक मान्यता भी मिली है। वस्तुतः हिन्दी पूरे भारत की संपर्क-भाषा है, जो कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारतवासियों को एक सूत्र में जोड़ती है। इसका संरक्षण व संवर्द्धन आवश्यक है। इस अवसर पर हिन्दी विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी काव्य-प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 


Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!