Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) के अधिशासी निदेशक (संकार्य) सेमिनार हॉल में 27 अक्टूबर 2026 को एस-3 से एस-6 ग्रेड के युवा कर्मचारियों के लिए ‘सुझाव मंच’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य युवा कार्यबल को शीर्ष प्रबंधन के साथ सीधे संवाद का अवसर देना तथा सुरक्षा, उत्पादन और परिचालन दक्षता में सुधार के लिए उनके व्यावहारिक सुझावों को शामिल करना था। कार्यक्रम में विभिन्न उत्पादन इकाइयों और विभागों के 89 कर्मचारियों ने भाग लिया।


सुरक्षा और उत्पादन सुधार पर हुआ मंथन
कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने की। इस अवसर पर सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं, अनुरक्षण, विद्युत, ब्लास्ट फर्नेस, सिंटर प्लांट, सेवाएं और मानव संसाधन विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
युवा कर्मचारियों ने दिए उपयोगी सुझाव
कार्यक्रम में तकनीकी प्रस्तुति के माध्यम से कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों, सेल एवं बीएसएल के उत्पादन प्रदर्शन, प्रमुख इस्पात उत्पादकों के साथ बेंचमार्किंग और संयंत्र की वित्तीय स्थिति के बीच संबंधों पर प्रकाश डाला गया। विभिन्न शॉप्स से आए कर्मचारियों ने शॉप-फ्लोर की सुरक्षा मजबूत करने, उत्पादकता बढ़ाने, ऊर्जा संरक्षण और परिचालन चुनौतियों के समाधान के लिए सुझाव प्रस्तुत किए।

निरंतर सुधार और शून्य दुर्घटना पर जोर
अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए सुरक्षा नियमों के अनुपालन और उत्पादन लक्ष्यों की प्राप्ति में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने निरंतर सुधार के लिए सजगता और सहभागिता पर जोर दिया।
औद्योगिक विकास को मिलेगी मजबूती
‘सुझाव मंच’ की पहल युवा कर्मचारियों के नवाचारी विचारों को संगठनात्मक सुधार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे बीएसएल में समावेशी कार्य-संस्कृति, परिचालन उत्कृष्टता और शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
