Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के कर्मचारियों के लिए इस बार दुर्गापूजा से पहले बोनस की खुशखबरी आयी है। पिछले साल के मुकाबले कर्मचारियों के बोनस में Rs 2,500 की बढ़ोतरी हुई है। नयी दिल्ली में गुरुवार को हुई NJCS बैठक में सेल प्रबंधन ने कर्मचारियों के लिए ₹32,000 और प्रशिक्षुओं के लिए ₹25,600 बोनस तय किया। सभी यूनियन प्रतिनिधियों की सहमति के बाद समझौते पर हस्ताक्षर कर दिये गये। इस बार सेल ने बोनस बढ़ाकर जरूर दिया है लेकिन Non-NJCS यूनियन खुश नहीं है। झामुमो का ट्रेड यूनियन जय झारखण्ड मजदुर समाज के अध्यक्ष बी के चौधरी ने कहा कि जिस अनुपात में सेल मुनाफा कमा रहा है, उसको देखते हुए ये बोनस बहुत कम है। कर्मियों के साथ नाइंसाफ़ी हुई है।

2025 में मिला था Rs 29,500 बोनस
पिछले वर्ष यानी 2025 में BSL कर्मचारियों को Rs 29,500 बोनस मिला था। इस बार यह राशि बढ़कर Rs 32,000 हो गयी है। इसी तरह प्रशिक्षुओं का बोनस भी पिछले वर्ष के Rs 23,600 से बढ़कर Rs 25,600 हो गया है। 2024 में कर्मचारियों को Rs 26,500 और 2023 में Rs 23,000 बोनस दिया गया था।
8,740 कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को लाभ
सेल के बोकारो स्टील प्लांट के करीब 8,740 कर्मचारी और प्रशिक्षु इस बोनस के दायरे में आयेंगे। समझौते के अनुसार बोनस की राशि 10 अक्टूबर से पहले खातों में भेजे जाने की बात कही गयी है। इससे दुर्गापूजा शुरू होने से पहले कर्मचारियों को राशि मिल जायेगी।

40,500 की मांग, Rs 32,000 पर बनी सहमति
बैठक में यूनियनों की ओर से इस बार Rs 40,500 बोनस की मांग रखी गयी थी। हालांकि, सेल प्रबंधन द्वारा प्रस्तावित Rs 32,000 की राशि पर यूनियन प्रतिनिधियों ने सहमति जतायी और समझौते पर हस्ताक्षर किये।
बोनस से बोकारो-चास बाजार को भी उम्मीद
BSL कर्मचारियों के खातों में बोनस पहुंचने का असर बोकारो-चास के बाजार पर भी पड़ने की उम्मीद है। दुर्गापूजा से पहले बोनस मिलने से कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू सामान और अन्य वस्तुओं की खरीदारी बढ़ सकती है। बाजार से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि करीब Rs 30 करोड़ की बोनस राशि स्थानीय बाजार में पहुंचेगी, जिससे त्योहारी कारोबार को गति मिल सकती है।
दिल्ली में हुई NJCS की बैठक
नयी दिल्ली में हुई NJCS बैठक में सेल प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी. संजीवा रेड्डी, बोकारो से बीएन चौबे, बीएमएस से श्रीनिवास राव व रंजय कुमार, सीटू से ललित मोहन मिश्र व डीवीएस रेड्डी, एचएमएस से संजय वढावकर व राजेंद्र सिंह तथा एटक से विद्यासागर गिरी और रामाश्रय प्रसाद सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
