Bokaro: सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के सर्कस मैदान के सामने लगे टावर से केबल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। नगर डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में गठित टीम ने सोमवार को सेक्टर-4 स्थित विश्वकर्मा मंदिर के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, युवक टावर और एसी के तार काटकर बेचने की योजना बना रहा था।

विश्वकर्मा मंदिर के पास पकड़ा गया संदिग्ध
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम चोरी की घटना के बाद से ही सूचना संकलन और छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में 14 सितंबर को विश्वकर्मा मंदिर के पास संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त गौतम कुमार (19) को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने टावर का केबल और एसी का तार काटकर बेचने की बात स्वीकार की।
चोरी का केबल और तांबे के तार बरामद
गौतम की निशानदेही पर पुलिस ने टावर से काटे गए तीन केबल के टुकड़े, करीब 2.5 मीटर एसी पाइप, तांबे के तार के दो टुकड़े और चार मीटर एल्युमिनियम तार बरामद किया। बरामद केबल की कुल लंबाई करीब सात मीटर और तांबे के तार की लंबाई करीब 3.5 मीटर बताई गई है।

पेटरवार का रहने वाला, सेक्टर-6 में था ठिकाना
गिरफ्तार युवक की पहचान पेटरवार थाना क्षेत्र के चांदो गांव निवासी मुन्ना रजक के पुत्र गौतम कुमार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में सेक्टर-6 में रह रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पहले से दर्ज है आपराधिक मामला
पुलिस के मुताबिक, मामले में सेक्टर-4 थाना कांड संख्या 61/2026, दिनांक 5 सितंबर, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गिरफ्तार आरोपी का सेक्टर-6 थाना कांड संख्या 24/2026 में भी आपराधिक इतिहास दर्ज है। छापेमारी दल में नगर डीएसपी राजीव रंजन, सेक्टर-4 के थाना प्रभारी संजय कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
