Bokaro: सदर अस्पताल में सोमवार दोपहर पांच साल के बच्चे के चोरी होने की सूचना से अफरा-तफरी मच गई। चंद्रपुरा से इलाज कराने पहुंचे परिवार ने बच्चे के नहीं मिलने पर हो-हल्ला शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही बीएस सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ममता कुमारी और सिटी डीएसपी राजीव रंजन अस्पताल पहुंचे।

पुलिस ने शुरू की सीसीटीवी फुटेज की जांच
पुलिस टीम ने अस्पताल के डीएस चैंबर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसी दौरान एक महिला रोते हुए बच्चे को लेकर पुलिस के पास पहुंची। महिला ने बताया कि बच्चे के परिजन कहीं नहीं मिल रहे थे, इसलिए वह उसे अपने साथ लेकर आई है।
बच्चे को चुप कराकर परिजनों को खोज रही थी महिला
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि बच्चे की मां ओपीडी की लाइन में लगी थी, जबकि पिता बच्चे को कुर्सी पर बैठाकर वॉशरूम चले गए थे। इसी बीच बच्चा रोते हुए अस्पताल से बाहर निकलने लगा। वहां मौजूद महिला ने बच्चे को रोककर चुप कराया और उसके परिजनों को खोजने लगी।

गलतफहमी से बनी चोरी की बात
बच्चे को आसपास नहीं देखकर परिजनों ने चोरी की आशंका जताई थी। पुलिस के पहुंचने और सीसीटीवी जांच शुरू होने के बीच महिला ने खुद बच्चे को पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद स्पष्ट हुआ कि मामला चोरी का नहीं, बल्कि गलतफहमी का था। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत जताते हुए पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया।
