बोकारो: जिले में युवाओं को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने तथा नशामुक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से गुरुवार को तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 की शुरुआत की गई। इसको लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ अंतरविभागीय ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में होगी छापेमारी
उपायुक्त ने कहा कि बच्चों और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालयों के 100 मीटर के दायरे में, विशेषकर छुट्टी के समय, पुलिस सघन छापेमारी अभियान चलाए। नाबालिगों को तंबाकू बेचने वाले दुकानदारों और अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को किया जाएगा जागरूक
उन्होंने सभी विद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों पर निबंध, पेंटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित करने का निर्देश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। पंचायतों में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाने और सभी सरकारी भवनों को तंबाकू मुक्त परिसर बनाने पर भी जोर दिया गया।

संयुक्त टीम करेगी औचक निरीक्षण
उपायुक्त ने पुलिस, औषधि निरीक्षक, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी और राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अधिकारियों को संयुक्त छापेमारी करने तथा विद्यालयों में तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जनभागीदारी के माध्यम से बोकारो को तंबाकू एवं नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल करने का निर्देश दिया।
