Hindi News

झारखंड स्थापना दिवस पर धरती आबा बिरसा मुंडा को दी गई श्रद्धांजलि


Bokaro: भगवान बिरसा मुंडा की 146 वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना की 21वीं वर्षगांठ आज दिनांक 15 नवंबर 2021 को मनाई गई। बिरसा चौक (नया मोड़) स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर उपायुक्त कुलदीप चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक श्री चंदन कुमार झा सहित जिले के अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने माल्यार्पण कर स्वतंत्रता सेनानी धरती आबा को शत-शत नमन किया। इस अवसर पर उपायुक्त कुलदीप चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार झा ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं दी।

उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे झारखंड में ” आपके अधिकार- आपकी सरकार, आपके द्वार ” कार्यक्रम की शुरूआत की जायेगी। इसके माध्यम से जिलेवासियों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही साथ योग्य लाभुकों को सरकारी योजनाओं से आच्छादित भी किया जाएगा। यह कार्यक्रम 16 नवंबर से 28 दिसंबर 2021 तक जिले के सभी पंचायतों में आयोजित किया जाएगा।

■ क्रांतिकारी चिंतन से आदिवासी समाज की दशा और दिशा बदल दी-

उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने कहा कि आज का दिन जिलेवासियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। क्योंकि 15 नवंबर को ही झारखंड अलग राज्य का निर्माण हुआ था। उन्होंने समस्त जिलेवासियों को झारखंड राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी। साथ ही कहा कि भारतीय इतिहास में भगवान बिरसा मुंडा एक ऐसे नायक थे, जिन्होंने अपने क्रांतिकारी चिंतन से आदिवासी समाज की दशा और दिशा बदल दी। हमें उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग को आत्मसात करने की जरूरत है।

इस दौरान उप विकास आयुक्त श्री जयकिशोर प्रसाद, अपर समाहर्ता सादात अनवर, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी चास दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, जिला परिवहन पदाधिकारी संजीव कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, उपायुक्त के विशेष कार्य पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन जिला कल्याण पदाधिकारी रविशंकर मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय मुकेश कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियो द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता सेनानी धरती आबा को शत-शत नमन किया।


Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!