Bokaro: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात अकवान के प्रभाव से बोकारो जिले में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग की ओर से 20 और 21 नवंबर को बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद किसानों की चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार सुबह से ही रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। आसमान में घने बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से जनजीवन भी प्रभावित हुआ।

धान की तैयार फसल पर बारिश की मार का खतरा
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 नवंबर को झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इससे धान की कटाई और फसल को सुरक्षित रखने में जुटे किसानों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय किसानों के मुताबिक, अब तक लगभग 25 प्रतिशत धान की ही कटाई हो सकी है, जबकि करीब 75 प्रतिशत फसल अभी खेतों में खड़ी है या खलिहान में रखी हुई है। ऐसे में लगातार बारिश और तेज हवाओं से धान की बालियां गिरने, फसल भीगने और सड़ने का खतरा बना हुआ है।
जिन किसानों ने धान की कटाई कर ली है, वे फसल को बारिश से बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं। किसानों को आशंका है कि बारिश लंबी खिंचने पर धान की गुणवत्ता के साथ उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है।

ठंड और बूंदाबांदी से स्कूली बच्चों को परेशानी
बदलते मौसम का असर आम जनजीवन पर भी देखने को मिला। शुक्रवार सुबह बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं के बीच स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों और उनके अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खराब मौसम के कारण कुछ विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति सामान्य से कम रहने की बात भी सामने आई।

