Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट के जेएनबी पार्क में वन्यजीव सप्ताह-2026 ‘आरण्यक’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वन्यजीवों एवं प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने, जैव-विविधता संरक्षण को लेकर जागरूकता विकसित करने और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है। उद्घाटन अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन), बीएसएल और प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ), बोकारो ने संयुक्त रूप से किया।

स्कूली बच्चों ने लिया जागरूकता सत्र में हिस्सा
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित अन्य प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान वन्यजीव जागरूकता सत्र आयोजित कर वन्यजीव संरक्षण, जैव-विविधता, पारिस्थितिक संतुलन और प्राकृतिक आवास के महत्व की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को वन्यजीवों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रतियोगिताओं और गतिविधियों से बढ़ेगी रुचि
‘आरण्यक’ के तहत जेएनबी पार्क में वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न ज्ञानवर्धक, रचनात्मक और सहभागितापूर्ण गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिताओं और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से वन्यजीवों के व्यवहार, संरक्षण और प्राकृतिक आवास के महत्व को सरल तरीके से समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

युवाओं में विकसित होगी संरक्षण की भावना
कार्यक्रम का विशेष जोर युवा पीढ़ी में वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी विकसित करने पर है। जू-कीपर्स की सहभागिता से प्रतिभागियों को वन्यजीवों की देखभाल और उनके व्यवहार से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर भी मिल रहा है।
10 अक्टूबर को होगा समापन समारोह
‘आरण्यक’ का समापन समारोह 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। यह पहल वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और जैव-विविधता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
