Bokaro::एमजीएम हायर सेकेंड्री स्कूल, सेक्टर-4एफ में विद्यालय की 40वीं वर्षगांठ यानी रूबी जुबली के अवसर पर वार्षिकोत्सव ‘वर्णिका’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा और विशिष्ट अतिथि एमजीएम ग्रुप के अध्यक्ष बिशप एलेक्सियोस मार यूसीबीयस ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका
पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम और लगन के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, बिशप एलेक्सियोस मार यूसीबीयस ने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। विद्यार्थी मेहनत और दृढ़ संकल्प से अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं।
120 मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
प्राचार्य फादर डॉ. जोशी वर्गीस ने विद्यालय की 40 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा प्रस्तुत की। इस अवसर पर इंडिया पोस्ट की ओर से विशेष डाक लिफाफा जारी किया गया और विद्यालय की पत्रिका ‘द ग्रेगोरियन’ का विमोचन हुआ। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 120 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सुदेशना बोस स्मृति पुरस्कार प्रदान किया गया। समारोह में गीत, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। उप प्राचार्य राखी बनर्जी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर शिक्षक, अभिभावक और प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित थे।
