Bokaro: विस्थापित अप्रेंटिस संघ से जुड़े मामले में उपायुक्त अजय नाथ झा ने समीक्षा बैठक की। समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में बोकारो विधायक से प्राप्त पत्र के आलोक में मामले के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


एक-दो दिनों में राज्य सरकार को भेजी जाएगी विस्तृत रिपोर्ट
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि राज्य सरकार के गृह विभाग को भेजे जाने वाले प्रतिवेदन में मामले से जुड़े सभी तथ्य, अभिलेख और आवश्यक दस्तावेज शामिल किए जाएं। इसमें चरणबद्ध भूमि अधिग्रहण, नियोजन संबंधी प्रावधान, अब तक की गई कार्रवाई, अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों की संख्या तथा नियोजित और शेष अभ्यर्थियों का विस्तृत ब्योरा देने को कहा गया। उन्होंने आगामी एक-दो दिनों में प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया, ताकि सरकार को मामले की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जा सके।
भूमि अभिलेखों के डिजिटाइजेशन पर भी जोर
बैठक में संबंधित भूमि अभिलेखों के डिजिटाइजेशन पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने डीपीएलआर को नियमानुसार निविदा प्रक्रिया शुरू कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने भूमि अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण और डिजिटाइजेशन की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक समेत अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, डीसीएलआर पूर्णिमा कुमारी, डीसीएलआर अनुराधा कुमारी, एपीआरओ अविनाश कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
