Bokaro: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को अधिक पारदर्शी और मतदाता अनुकूल बनाने के उद्देश्य से बोकारो जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। समाहरणालय परिसर में मतदाताओं की सहायता के लिए 24×7 हेल्पलाइन कॉल सेंटर की शुरुआत की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (DEO)-सह-उपायुक्त (DC) अजय नाथ झा ने सोमवार को रिबन काटकर हेल्पलाइन केंद्र का शुभारंभ किया।

पहली कॉल का DC ने दिया जवाब, मतदाता की शंकाओं का किया समाधान
हेल्पलाइन शुरू होने के बाद आई पहली कॉल का जवाब स्वयं डीसी अजय नाथ झा ने दिया। उन्होंने 36-बोकारो विधानसभा क्षेत्र के चास निवासी मतदाता तापेश कुमार से सीधे बातचीत की। बातचीत के दौरान मतदाता ने गणना प्रपत्र प्राप्त करने, उसे भरने और पूर्व में हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान की गई मैपिंग प्रक्रिया को लेकर अपनी शंकाएं रखीं। डीसी ने पूरी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

“हर मतदाता तक पहुंचेगी सही और प्रमाणिक जानकारी”
डीईओ-सह-डीसी अजय नाथ झा ने कहा, “इस हेल्पलाइन का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक मतदाता तक समय पर सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना है। इससे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को अधिक पारदर्शी, सुगम और प्रभावी बनाया जा सकेगा।” उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि गणना प्रपत्र प्राप्त करने, भरने या जमा करने अथवा SIR से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन का उपयोग करें। उन्होंने कहा, “मतदाताओं की सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक पात्र मतदाता को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा।”
इन नंबरों पर मिलेगी 24 घंटे सहायता
SIR-2026 अभियान से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए मतदाता इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
- 1950
- 9264441992
- 8292666522
- 7033305034
निर्वाचन शाखा के अधिकारी रहे मौजूद
हेल्पलाइन शुभारंभ कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त (DDC) शताब्दी मजूमदार, सहायक समाहर्ता (प्रशिक्षु) डॉ. अरविंद राधाकृष्णन सहित निर्वाचन शाखा के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। जिला प्रशासन के अनुसार, यह हेल्पलाइन व्यवस्था मतदाताओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ SIR-2026 अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

