Bokaro: बीएस सिटी थाना क्षेत्र की कोऑपरेटिव कॉलोनी में रविवार को दिनदहाड़े एक महिला से मंगलसूत्र छीनकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
झारखंड पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि बीएस सिटी थाना क्षेत्र की कोऑपरेटिव कॉलोनी में एक अज्ञात युवक ने महिला का मंगलसूत्र झपट लिया और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बीएस सिटी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आरोपी को कुछ ही देर में पकड़ लिया।

निशानदेही पर बरामद हुआ मंगलसूत्र
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर छिनतई किया गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया। इस मामले में पीड़िता सुरजी देवी, पति बिरबल मांझी, निवासी रानी पोखर, थाना हरला, जिला बोकारो के लिखित आवेदन पर बीएस सिटी थाना कांड संख्या 157/26 दर्ज किया गया।
23 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक हिरासत
पुलिस ने इस मामले में अजित कुमार उर्फ मुस्कान (23 वर्ष), पिता स्वर्गीय अजय राम, निवासी माड़ीपट्टी-दुदीबाग, थाना बीएस सिटी, बोकारो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पहले भी कई मामलों में जा चुका है जेल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ बीएस सिटी थाना में चोरी एवं अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े कई कांड पहले से दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2023 और 2024 के चोरी तथा संपत्ति संबंधी अपराधों के मामले शामिल हैं।
छापेमारी टीम में शामिल रहे ये पुलिसकर्मी
कार्रवाई में बीएस सिटी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक गुल्टन मिस्त्री के नेतृत्व में आरक्षी सिद्धेश्वर प्रसाद सिंह, राजीव कुमार एवं नवीन कुमार शामिल रहे। पुलिस ने बरामद मंगलसूत्र को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

