Bokaro: अगर आप अपने मकान में नया किराएदार रखने जा रहे हैं तो पहले उसका पुलिस सत्यापन जरूर करा लें। ऐसा नहीं करने पर भविष्य में किसी आपराधिक मामले में आपको भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बोकारो पुलिस ने जिलेभर में किराएदार सत्यापन का विशेष अभियान शुरू किया है। सभी थानों में सत्यापन फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं और मकान मालिकों को किराएदार का पूरा विवरण भरकर संबंधित थाना में जमा करना होगा।

थाना स्तर पर चलेगा विशेष अभियान
सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में जाकर लोगों के बीच सत्यापन फॉर्म वितरित करेंगे और मकान मालिकों को इसे भरकर जमा करने के लिए प्रेरित करेंगे। अभियान का उद्देश्य जिले के किराए के मकानों और उनमें रहने वाले लोगों का अद्यतन रिकॉर्ड तैयार करना है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की स्थिति में पुलिस तत्काल कार्रवाई कर सके।
बिना सत्यापन किराएदार रखने पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि बिना सत्यापन के रह रहे किसी किराएदार की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता सामने आती है और जांच में मकान मालिक की लापरवाही या मिलीभगत पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

साइबर अपराध और नक्सली मामलों के बाद बढ़ी सख्ती
हाल के वर्षों में बोकारो में कई साइबर अपराधी, ऑनलाइन ठगी गिरोह के सदस्य और अन्य अपराधी किराए के मकानों से गिरफ्तार किए गए हैं। कई मामलों में किराएदारों का सत्यापन रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने से जांच प्रभावित हुई। इसी अनुभव के आधार पर पुलिस ने इस अभियान को जिलेभर में प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्णय लिया है।
पहले भी किराए के मकानों से पकड़े गए हैं बड़े अपराधी
बारी को-ऑपरेटिव क्षेत्र में इनामी नक्सली अरविंद के ठिकाने से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हो चुका है। वहीं चास की गुजरात कॉलोनी में इनामी नक्सली शंकर अन्ना वर्षों तक किराए के मकान में रहकर पुलिस की नजरों से बचा रहा। इसके अलावा कई कुख्यात अपराधी और साइबर गिरोह के सदस्य भी किराए के आवासों से पकड़े जा चुके हैं।
डीएसपी ने की अपील
मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने सभी मकान मालिकों से अपने किराएदारों का पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारियों के पास सत्यापन फॉर्म उपलब्ध हैं और पुलिस टीम मोहल्लों में भी फॉर्म वितरित करेगी। इसके बावजूद लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
