Bokaro : जन्मजात हृदय रोग (Congenital Heart Disease) से पीड़ित बच्चों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को बोकारो में ‘गिफ्ट ऑफ लाइफ’ कार्यक्रम के तहत नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम (झारखंड सरकार), अमृता हॉस्पिटल और रोटरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की हृदय संबंधी जांच
शिविर में अमृता हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों की हृदय संबंधी विस्तृत जांच की। जांच के दौरान जिन बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की गंभीर समस्या पाई गई, उन्हें आगे के उपचार एवं सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें समय रहते नया जीवन मिल सके।

259 बच्चों की जांच, 41 को सर्जरी के लिए चुना गया
स्वास्थ्य जांच शिविर में कुल 259 बच्चों की जांच की गई। इनमें से 41 बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आगे की हृदय शल्य चिकित्सा (सर्जरी) के लिए चयनित किया। चयनित बच्चों का उपचार गिफ्ट ऑफ लाइफ कार्यक्रम के तहत विशेषज्ञ अस्पताल में कराया जाएगा।
पात्र बच्चों का होगा नि:शुल्क उपचार
अमृता हॉस्पिटल के नोडल अधिकारी रो. एस. पी. बगड़िया ने बताया कि गिफ्ट ऑफ लाइफ कार्यक्रम के माध्यम से पात्र बच्चों को विशेषज्ञ अस्पताल में उपचार एवं आवश्यक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी और बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अभिभावकों को भी किया गया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब, राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम तथा अमृता हॉस्पिटल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने उपस्थित अभिभावकों को जन्मजात हृदय रोग की समय पर पहचान, नियमित जांच और शीघ्र उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर इलाज मिलने से अधिकांश बच्चे सामान्य जीवन जी सकते हैं।
डीसी, डीडीसी समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने किया निरीक्षण
शिविर का निरीक्षण बोकारो उपायुक्त (डीसी), उप विकास आयुक्त (डीडीसी) तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों ने किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम का जायजा लिया और आयोजन की सराहना की। वहीं, सिविल सर्जन पूरे शिविर के दौरान मौजूद रहे तथा उनकी देखरेख में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष महेश केजरीवाल, रोटरी क्लब चास के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, मिड टाउन कपल के अध्यक्ष मोहित अग्रवाल, सहायक जिलापाल पूजा बैद, निरूपमा सिंह, अशोक तनेजा, प्रदीप सिंह, नरेंद्र सिंह, अशोक जैन, संजय बैद, शिव अग्रवाल, बिनोद चोपड़ा, ललिता चोपड़ा, कुमार अमरदीप, प्रकाश केजरीवाल, ज्योति अग्रवाल, पूर्वी केजरीवाल, उषा कुमार, संजय रस्तोगी, शैल रस्तोगी, अनूप अग्रवाल, अमिशा अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगी संस्थानों, चिकित्सकों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

