Bokaro: गोमिया प्रखंड के बड़की पुन्नू क्षेत्र में करीब 35 हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। इसको लेकर स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी जा रही है। हाथियों की मौजूदगी के कारण क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।


रात में बाइक से आवाजाही जानलेवा हो सकती है
चेतावनी के बावजूद कुछ लोगों के रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने और मोटरसाइकिल से आवाजाही करने की सूचना है। ऐसे में हाथियों के सामने आने पर गंभीर हादसे का खतरा बना हुआ है। लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और रात में घरों से बाहर निकलने से बचें।
हाथियों के पास जाने और वीडियो बनाने से बचें
स्थानीय निवासियों को अंधेरे या जंगल से गुजरने वाले रास्तों पर पैदल अथवा साइकिल से जाने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही हाथियों के नजदीक जाने, उनकी फोटो या वीडियो बनाने और उन्हें उकसाने की कोशिश नहीं करने को कहा गया है।

आपात स्थिति में प्रशासन और वन विभाग को दें सूचना
किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है। लोगों से यह चेतावनी अपने स्थानीय व्हाट्सएप समूहों में साझा करने का भी आग्रह किया गया है, ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक लोग सतर्क रह सकें और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
