Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने और अधिकारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘एग्जीक्यूटिव ऑफ द क्वार्टर अवार्ड स्कीम’ के तहत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बीएसएल के निदेशक प्रभारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर संयंत्र के अधिशासी निदेशक, विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक तथा अन्य वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

नौ अधिकारियों को मिला उत्कृष्ट प्रदर्शन का सम्मान
समारोह के दौरान बोकारो इस्पात संयंत्र एवं माइंस के कुल नौ अधिकारियों को उनके उल्लेखनीय कार्य निष्पादन और संगठन में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित अधिकारियों में उप महाप्रबंधक (एसएमएस-2 एवं सीसीएस) सोवन गोस्वामी, उप महाप्रबंधक (बीएनपीटी) श्याम उज्जवल मेडडा, सहायक महाप्रबंधक (एचएसएम) राकेश कुमार भारद्वाज, सहायक महाप्रबंधक (सिंटर प्लांट) अनमोल कुमार, वरीय प्रबंधक (सीएमएम) अमित कुमार, वरीय प्रबंधक (एचआरसीएफ) विजय कुमार, उप प्रबंधक (मानव संसाधन) एस.के. पात्रा, उप प्रबंधक (ईएमडी) शुभम कौशिक तथा सहायक प्रबंधक (टेक्निकल सेल) केतन अरोड़ा शामिल हैं।

निदेशक प्रभारी ने दी शुभकामनाएं
निदेशक प्रभारी ने सभी सम्मानित अधिकारियों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी कार्य-कुशलता, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि ऐसे पुरस्कार न केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों को पहचान दिलाते हैं, बल्कि पूरे संगठन में बेहतर कार्य-संस्कृति विकसित करने और उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं।
नवाचार और उत्पादकता बढ़ाने की पहल
बीएसएल प्रबंधन के अनुसार, ‘एग्जीक्यूटिव ऑफ द क्वार्टर अवार्ड’ का उद्देश्य उत्पादन, उत्पादकता में वृद्धि, लागत नियंत्रण, नवाचार तथा संगठनात्मक दक्षता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित अधिकारियों ने भविष्य में भी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में इसी समर्पण, ऊर्जा और उत्कृष्टता के साथ कार्य करते हुए संयंत्र की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया।

