Bokaro: बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-04 स्थित रशियन कॉलोनी के मंगलम सभागार में आयोजित ‘बोकारो कर संवाद कॉन्क्लेव-2026’ में उपायुक्त अजय नाथ झा ने भाग लिया। कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कर विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कर व्यवस्था को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।

उपायुक्त ने कहा कि देश की आर्थिक संरचना कर व्यवस्था पर आधारित है। शासन-प्रशासन के संचालन से लेकर विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन तक टैक्स की अहम भूमिका रहती है। ऐसे में कर सलाहकारों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वे अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन पारदर्शिता, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों के साथ करें।
उन्होंने कहा कि अक्सर लोग कर भार कम करने की सोच रखते हैं, लेकिन कर विशेषज्ञों का कार्य केवल टैक्स बचाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। राष्ट्रहित को केंद्र में रखकर सही सलाह देना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने शेल कंपनियों, वित्तीय गड़बड़ियों और गलत प्रथाओं को बढ़ावा नहीं देने की अपील की।

उपायुक्त ने कहा कि कर भुगतान को देश के प्रति योगदान के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों के टैक्स से ही विकास परियोजनाएं, वैज्ञानिक उपलब्धियां और अंतरिक्ष कार्यक्रम आगे बढ़ते हैं। इसलिए करदाताओं को यह समझाना जरूरी है कि टैक्स भुगतान गर्व का विषय है।
उन्होंने पेशेवरों से लगातार स्वयं को अपडेट रखने, एथिक्स और वैल्यूज को अपनाने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को प्रोत्साहित नहीं करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सत्य के मार्ग पर संघर्ष जरूर होता है, लेकिन उससे मिलने वाली संतुष्टि अनमोल होती है।
कार्यक्रम में एडवोकेट अखिलेश कुमार, डॉ. बी. गिरी, अजय कुमार, नीरज नायक, सौरभ सुरेश, जय शंकर जयपुरिया और आंचल कपूर समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

