Bokaro: आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर बोकारो जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीईओ सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदाता सूची से कोई भी वास्तविक मतदाता वंचित नहीं रहना चाहिए और किसी भी गलत व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं होना चाहिए।

बैठक में एसआइआर-2026 की अब तक की तैयारियों की क्रमवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) और संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने दोनों अनुमंडल पदाधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने तथा सीमावर्ती प्रखंडों में विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया। साथ ही मैपिंग कार्य जल्द पूरा करने को भी कहा।
मृतक मतदाताओं के नाम हटाने में बरतें सावधानी
डीसी ने मृतक मतदाताओं के सत्यापन को गंभीरता से लेने का निर्देश देते हुए कहा कि मृत्यु प्रमाण पत्र और परिवार के निकटतम सदस्य की पुष्टि के बाद ही मतदाता सूची से नाम हटाया जाए। उन्होंने डिलेशन और एडिशन कार्य पर विशेष फोकस करने को कहा। उपायुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि एसआइआर प्रक्रिया को हल्के में लेने वालों के खिलाफ जवाबदेही तय होगी। उन्होंने कहा कि बेहतर तैयारी से ही पुनरीक्षण कार्य पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पूरा हो सकेगा।

BLO को भी डाउनलोड कराना होगा एप
बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा ने सभी ईआरओ और एईआरओ को ईसीआइनेट एप डाउनलोड करने और बीएलओ के माध्यम से भी इसका उपयोग सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
SIR-2026 का पूरा कार्यक्रम
- 20 जून से 29 जून 2026 : प्रशिक्षण, तैयारी और प्रिंटिंग कार्य
- 30 जून से 29 जुलाई 2026 : बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरण और संग्रहण
- 29 जुलाई 2026 तक : मतदान केंद्रों का पुनर्गठन
- 05 अगस्त 2026 : ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन
- 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 : दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अवधि
- 05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026 : दावे-आपत्तियों का निस्तारण
- 07 अक्टूबर 2026 : अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
बैठक में अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ प्रांजल ढांडा, डीसीएलआर प्रभाष दत्ता, एसडीओ मुकेश मछुआ समेत सभी संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

