Two students drowned in the Damodar River at Barwaghat under Harla police station area in Bokaro on Tuesday while taking a bath. One student, identified as Vishnu, was found dead, while another, Shani, remained missing. Search operation is on…
Bokaro: बोकारो के हरला थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवाघाट में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। दामोदर नदी में नहाने गए दो छात्र गहरे पानी में डूब गए। घटना में एक छात्र विष्णु का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे छात्र शनि की तलाश जारी रही। हादसे के बाद नदी किनारे अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

ट्यूशन जाने की बात कहकर निकले थे छात्र
जानकारी के अनुसार एलएच आजाद नगर के तीन छात्र स्कूटी से बरवाघाट पहुंचे थे। तीनों छात्र मिड पॉइंट पब्लिक स्कूल के बताए जा रहे हैं। स्वजन के मुताबिक छात्र घर से ट्यूशन पढ़ने की बात कहकर निकले थे। नहाने के दौरान अचानक विष्णु और शनि गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

स्थानीय गोताखोरों ने शुरू किया राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। जिला प्रसाशन भी हरकत में आया। डीसी बोकारो अजय नाथ झा के आदेश पर जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार ने बरवाघाट में गोताखोरों की टीम भेजी है। टीम ने दूसरे छात्र की खोजबीन शुरू कर दी है। काफी मशक्कत के बाद विष्णु का शव नदी से बाहर निकाला गया, जबकि शनि की तलाश लगातार जारी है।
सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने पर प्रशासन घिरा
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में बरवाघाट गर्मियों के दौरान प्रमुख पर्यटन स्थल बन चुका है, जहां हर दिन भारी भीड़ उमड़ती है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। नदी किनारे न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही स्थायी रूप से गोताखोर या सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।

