Bokaro: बोकारो सिटी क्षेत्र में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बीएस सिटी थाना समेत आसपास के थानों में दर्ज कई मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं।

एसपी के निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

चोरी की पांच बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इनमें एक रॉयल एनफील्ड बुलेट, एक बजाज पल्सर एनएस, एक बजाज पल्सर, एक हीरो ग्लैमर और एक हीरो पैशन प्रो बाइक शामिल है।
गेमन कॉलोनी और जरीडीह के रहने वाले हैं आरोपित
गिरफ्तार आरोपितों में 24 वर्षीय धीरज कुमार, पिता विनोद कुमार सिंह, निवासी गेमन कॉलोनी, बीएस सिटी तथा 19 वर्षीय अर्पित कुमार, पिता अजय रवानी, निवासी तीरो, थाना जरीडीह शामिल हैं। बीएस सिटी थाना में दर्ज कांड संख्या 99/2026, 100/2026 और 102/2026 में दोनों आरोपितों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
छापामारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई में बीएस सिटी थाना प्रभारी पुनी सुदामा कुमार दास, पु-अनि महती बोयपाई, सअनि हरेन्द्र पाण्डेय, सअनि रंजीत रंजन, सअनि बाल्मिकी राम समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

