Bokaro: शहर के सेक्टर-4 स्थित राम मंदिर मोड़ के पास चाय दुकान पर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बीएस सिटी थाना क्षेत्र में 17 मई की रात करीब साढ़े नौ बजे अपराधियों ने जयराम प्रसाद को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।

एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य साजिशकर्ता रूपेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

घायल के बयान पर दर्ज हुआ मामला
घायल जयराम प्रसाद, जो चास के नन्दुआ स्थान निवासी बताए जा रहे हैं, के लिखित आवेदन पर बीएस सिटी थाना में रूपेश सिंह समेत तीन अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ कांड संख्या 101/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रूपेश कुमार, पिता स्वर्गीय राजाराम सिंह, निवासी मेन रोड फुसरो, थाना बेरमो, जिला बोकारो के रूप में हुई है।
कार्रवाई में बीएस सिटी थाना प्रभारी पु.नि. सुदामा कुमार दास, पु.अ.नि. महती बोयपाई, पु.अ.नि. नीरज सेठ, आरक्षी मदन प्रसाद, सिदेश्वर प्रसाद सिंह, जितेंद्र कुमार, राकेश कुमार एवं योगेंद्र कुमार रजक शामिल रहे।

