Bokaro: ज़िले के नावाडीह थाना क्षेत्र स्थित भूषण +2 राज्य विद्यालय नावाडीह में मंगलवार को सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम “We Are Friends in Uniform” के तहत छात्र-छात्राओं को सुरक्षा, कानून और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का आयोजन नावाडीह थाना पुलिस की ओर से किया गया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी पु०अ०नि० अमित कुमार सोनी एवं पु०अ०नि० मो० शमीम अंसारी ने बच्चों को डायल 112 पुलिस हेल्पलाइन, डायल 181 महिला हेल्पलाइन तथा साइबर अपराध से संबंधित डायल 1930 हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई।

मॉब लिंचिंग, नशा और रोड जाम के दुष्प्रभाव पर दी जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं से दूर रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। इसके अलावा नशा और धूम्रपान के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया। रोड जाम से होने वाली परेशानियों और उसके सामाजिक प्रभावों पर भी चर्चा की गई।
सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील
कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता बताई।

