Bokaro: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआऱ) कार्यक्रम की घोषणा की जा चुकी है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से निर्धारित प्रक्रिया के तहत सहयोग करने एवं समय रहते अपने नाम का सत्यापन सुनिश्चित करने की अपील की है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा द्वारा बताया गया है कि जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची से सफलतापूर्वक मैप हो चुका है, उन्हें इनेमुरेशन फार्म के साथ जन्म अथवा निवास स्थान से संबंधित कोई अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
अनमैप्ड मतदाता जल्द कराएं मैपिंग
ऐसे मतदाता जिनका अब तक वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हो पाया है, उन्हें इनेमुरेशन फार्म के साथ जन्म अथवा निवास संबंधी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। प्रशासन ने कहा है कि अभी पर्याप्त समय उपलब्ध है, इसलिए संबंधित मतदाता अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर शीघ्र मैपिंग की प्रक्रिया पूरी करा लें।

23 एवं 24 मई को मतदान केंद्रों पर रहेंगी बीएलओ
मतदाता सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिनांक 23 एवं 24 मई को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ अनमैप्ड मतदाताओं की सूची के साथ उपस्थित रहेंगी। जिला प्रशासन ने अपील की है कि छूटे हुए मतदाता अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना मैपिंग कार्य अवश्य पूरा करा लें।
युवा मतदाताओं को भी मिलेगा लाभ
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी युवा मतदाता के माता-पिता का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज है, तो संबंधित युवा मतदाता का भी मैपिंग किया जा सकेगा। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।

