Bokaro: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने चास क्षेत्र में बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति को लेकर समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल चास श्री एस. बी. तिवारी से मामले की विस्तृत जानकारी ली।

कार्यपालक अभियंता ने उपायुक्त को जानकारी देते हुए बताया कि गत शाम लगभग 7.00 बजे चास उप शक्ति केंद्र में डीसी (बैट्री) सिस्टम फेल होने एवं बैट्री ब्लास्ट की घटना के कारण सुरक्षा की दृष्टि से सभी 11 केवी फीडरों को बंद करना पड़ा। इसके बाद नई बैट्री एवं चार्जर स्थापित कर पुनः फीडरों को चालू किया गया। इस तकनीकी कार्य के कारण चास क्षेत्र में शाम 7.00 बजे से रात्रि 10.30 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि बिजली आपूर्ति कम से कम बाधित हो, इसे सुनिश्चित किया जाए तथा ऐसी परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आमजनों को होने वाली परेशानी को न्यूनतम रखा जाए। उन्होंने विद्युत व्यवस्था की सतत निगरानी एवं आवश्यक तकनीकी तैयारी बनाए रखने पर भी जोर दिया।


