अतिक्रमणकारियों को साफ संदेश : बहुत हुआ – अब सिर्फ तार नहीं काटे जाएंगे, सीधे होगी FIR
Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) प्रबंधन ने अतिक्रमण और बिजली-पानी चोरी के खिलाफ अपना रुख पूरी तरह सख्त कर लिया है। पहली बार सेक्टर-6 थाना में बिजली चोरी करने वालों तथा कार्रवाई करने गई बीएसएल सिक्योरिटी टीम पर हमला करने के मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि आज हुई घटना में एक होमगार्ड जवान घायल भी हुआ है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

बिजली चोरों को दिया गया कड़ा संदेश
बीएसएल की इस कार्रवाई को अतिक्रमणकारियों और बिजली चोरी करने वालों के लिए एक बड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। अब तक बिजली चोरी के खिलाफ अभियान में केवल अवैध तार हटाने तक सीमित रहने वाला बीएसएल प्रबंधन अब सीधे FIR दर्ज कराने की रणनीति पर काम कर रहा है।
हर साल 50 करोड़ रुपये का नुकसान
जानकारी के अनुसार, बोकारो स्टील टाउनशिप में बिजली चोरी के कारण सेल को हर साल करीब 50 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस मामले को लेकर स्टील मंत्रालय भी गंभीर है और सेल-बीएसएल के शीर्ष अधिकारी किसी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं हैं। ऐसे में बीएसएल नगर प्रशासन के अधिकारियो के सर पर तलवार लटक रही है। इसलिए अब वह ‘नो टॉलरेंस’ नीति अपनानी शुरू कर दी है।

अब नहीं चलेगी पुरानी ढिलाई
बीएसएल सूत्रों का कहना है कि बीते दो दशकों से जिस तरह बिजली चोरी और अतिक्रमण को लेकर नरमी बरती जा रही थी, अब वैसा नहीं होगा। भविष्य में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुबह हुई थी होमगार्ड जवानों से झड़प
बीएसएल के प्रवक्ता ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बीएसएल सिक्योरिटी विभाग से मिली सूचना के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे से 7 बजे के बीच बोकारो निवास क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों ने कुछ लोगों को अवैध तरीके से बिजली की हुकिंग करते देखा। जवानों ने जब उन्हें रोकने और तार जब्त करने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि यह बीएसएल सिक्योरिटी का पूर्व नियोजित अभियान नहीं था। घटना के बाद बीएसएल सिक्योरिटी विभाग की ओर से सेक्टर-6 थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है।
छह लोगों को बनाया गया नामजद आरोपी
वहीं सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी ने बताया कि बीएसएल की शिकायत के आधार पर छह लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने होमगार्ड जवान के साथ मारपीट भी की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

