Bokaro: बालीडीह थाना पुलिस ने एल्यूमिनियम तार चोरी कर उसे खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी के करीब 70 किलो कटिंग किए हुए एल्यूमिनियम तार के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित सफेद रंग की आल्टो कार में तार लादकर ग्रामीण रास्ते से शहर से बाहर निकलने की फिराक में थे।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 22 मई को बालीडीह थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की आल्टो कार थाना मोड़ से नरकरा होते हुए ग्रामीण रास्ते से बाहर जाने वाली है। सूचना मिलते ही जिले के वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और थाना मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
पुलिस को देख भागने लगा चालक, नरकरा पुलिया के पास घेराबंदी
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने आल्टो कार संख्या JH10V-3892 को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर नरकरा पुलिया के पास घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया।

कार की तलाशी लेने पर अंदर बैठे चार लोगों के पास से हरे रंग के प्लास्टिक बोरे में रखा करीब 70 किलो कटिंग किया हुआ एल्यूमिनियम तार बरामद किया गया। पुलिस ने जब तार से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपित कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
BSL इलाके से चोरी कर रामगढ़ में बेचते थे तार
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे लोग बोकारो स्टील प्लांट के आसपास से एल्यूमिनियम तार चोरी कर जमा करते थे। बाद में इसे रामगढ़ निवासी रोहित कुमार को बेच दिया जाता था, जो चोरी के माल को खपाने का काम करता था।
इस मामले में बालीडीह थाना कांड संख्या 91/26 दिनांक 22 मई 2026 के तहत बीएनएस की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का मुख्य सरगना प्रकाश कुमार उपाध्याय उर्फ घनु है। गिरफ्तार दो आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
ये लोग हुए गिरफ्तार
- प्रकाश कुमार उपाध्याय उर्फ घनु, निवासी कुर्मीडीह, बालीडीह
- सिंदु कुमार, निवासी कुर्मीडीह, बालीडीह
- प्रिंस कुमार, निवासी कुर्मीडीह बाजार, बालीडीह
- रोहित कुमार, निवासी बिष्णुगढ़, हजारीबाग
पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, प्रकाश कुमार उपाध्याय के खिलाफ बालीडीह थाना में पहले भी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। वहीं रोहित कुमार के खिलाफ भगवानपुर थाना में भी आपराधिक मामला दर्ज पाया गया है।
छापेमारी टीम में शामिल थे ये अधिकारी
छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार, जितेंद्र कुमार यादव, अजय कुमार राय, अविनाश कुमार गौतम तथा हवलदार जबरा मुंडू शामिल थे।

