Bokaro : विद्यालयों की चारदीवारी से निकलकर वैश्विक सोच, नेतृत्व क्षमता और कूटनीतिक कौशल विकसित करने की दिशा में गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल, बोकारो ने एक प्रेरणादायी पहल की है। विद्यालय के भाई नंदलाल जी सभागार में शनिवार को दो दिवसीय झारखंड मॉडल यूनाइटेड नेशंस (JHMUN-2026) का भव्य शुभारंभ हुआ। “Rewriting the Future” थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में झारखंड के लगभग 15 प्रतिष्ठित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से 222 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को वैश्विक मुद्दों पर गंभीरता से सोचने, तर्कपूर्ण संवाद करने और भविष्य के जिम्मेदार नेतृत्व के लिए तैयार करना है।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई प्रेरक शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, प्रार्थना गीत और आकर्षक स्वागत नृत्य के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोकारो के पूर्व विधायक विरंची नारायण, विशिष्ट अतिथि के रूप में गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल सोसाइटी के सचिव एस.पी. सिंह, निदेशक प्रियदर्शी जरूहार, विद्यालय के प्राचार्य अभिषेक कुमार तथा उपप्राचार्य अमोलक सिंह उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

राजनीति और नेतृत्व को लेकर युवाओं को दिया सकारात्मक संदेश
मुख्य अतिथि विरंची नारायण ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता ऐसे शिक्षित, जागरूक और संवेदनशील युवाओं की है, जो नीति निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि मॉडल यूनाइटेड नेशंस जैसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, आत्मविश्वास, तार्किक सोच और प्रभावी अभिव्यक्ति का विकास करते हैं। यहां आने वाले प्रतिभागी केवल प्रतियोगिता के लिए नहीं, बल्कि सीखने, विचारों के आदान-प्रदान और जिम्मेदार वैश्विक नागरिक बनने की भावना के साथ एकत्र हुए हैं।
वैश्विक मुद्दों पर होगा मंथन
सम्मेलन के दौरान JLA, IPC, UNGA, UNSC और लोकसभा जैसी विभिन्न समितियों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विषयों पर चर्चा होगी। प्रतिनिधि अलग-अलग देशों और संस्थाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए वैश्विक चुनौतियों के समाधान प्रस्तुत करेंगे तथा संसदीय और कूटनीतिक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे। इससे विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों में संवाद, वाद-विवाद और निर्णय लेने की कला सीखने का अवसर मिलेगा।
15 संस्थानों के विद्यार्थियों ने दिखाई भागीदारी
सम्मेलन में चिन्मया विद्यालय, दिल्ली पब्लिक स्कूल, गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल (बोकारो एवं चास), एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल, पेंटेकोस्टल असेंबली स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल, कपिल देव पब्लिक स्कूल, डीएवी हेहल, जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, ग्रिज़ली विद्यालय, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मॉडर्न पब्लिक स्कूल तिलैया, बीआईटी मेसरा तथा सेंट्रल एकेडमी सहित कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। आयोजन की सफलता में अश्मित आर्यन और देवेशी प्रसाद के नेतृत्व वाली आयोजन समिति की अहम भूमिका रही।
भविष्य के नेतृत्व को गढ़ने की पहल
विद्यालय के प्राचार्य अभिषेक कुमार ने कहा कि मॉडल यूनाइटेड नेशंस विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर वैश्विक समस्याओं को समझने, समाधान खोजने और नेतृत्व कौशल विकसित करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग, सहिष्णुता और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। वहीं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तरसेम सिंह और सचिव एस.पी. सिंह ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए तैयार करते रहेंगे।

