Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) ने डिजिटलाइजेशन और प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बीएसएल के मटेरियल मैनेजमेंट–रजिस्ट्रेशन एंड वेंडर रेटिंग विभाग ने सीएंडआईटी विभाग के सहयोग से ऑनलाइन वेंडर रजिस्ट्रेशन पोर्टल शुरू किया है। इस पहल से वेंडरों के पंजीकरण की प्रक्रिया अब अधिक सरल, तेज, पारदर्शी और पेपरलेस हो सकेगी।

भौतिक फाइलों की जगह ऑनलाइन आवेदन
अब तक वेंडर पंजीकरण के लिए भौतिक फाइलों के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की जाती थी। इसके कारण दस्तावेजों की जांच और फाइलों की आवाजाही में अपेक्षाकृत अधिक समय लगता था। नए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से इस पूरी प्रक्रिया को डिजिटल रूप दिया गया है। वेंडर अब अपने आवेदन और जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। इससे पंजीकरण प्रक्रिया में लगने वाले समय को कम करने के साथ-साथ मैनुअल कार्यों में भी कमी आएगी। पात्र वेंडरों के आवेदन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने में भी पोर्टल मददगार साबित होगा।

प्रक्रिया की ऑनलाइन निगरानी होगी आसान
पोर्टल के माध्यम से वेंडर रजिस्ट्रेशन के विभिन्न चरणों की ऑनलाइन निगरानी की जा सकेगी। इससे आवेदन की स्थिति पर नजर रखना और लंबित मामलों पर समय पर कार्रवाई करना आसान होगा। साथ ही, दस्तावेजों के डिजिटल प्रबंधन से रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने में भी सुविधा मिलेगी। बीएसएल के अनुसार, ऑनलाइन व्यवस्था से प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और वेंडरों को पंजीकरण के लिए अनावश्यक कागजी कार्रवाई से राहत मिलेगी।
एसएपी सिस्टम से किया गया एकीकरण
ऑनलाइन वेंडर रजिस्ट्रेशन पोर्टल की एक महत्वपूर्ण विशेषता इसका बीएसएल के एसएपी सिस्टम के साथ एकीकरण है। इस एकीकरण के जरिए पंजीकरण से संबंधित डेटा के रियल-टाइम फ्लो में मदद मिलेगी। इससे डेटा की सटीकता और एकरूपता बनाए रखने के साथ-साथ पंजीकरण प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी संभव होगी।
बीएसएल-वेंडर संबंधों को मिलेगी मजबूती
बीएसएल की यह डिजिटल पहल न केवल वेंडर पंजीकरण को आसान बनाने वाली है, बल्कि इससे कंपनी और उसके वेंडर नेटवर्क के बीच बेहतर समन्वय की उम्मीद है। ऑनलाइन और पारदर्शी प्रक्रिया से व्यावसायिक सहभागिता को भी गति मिलेगी। बीएसएल लगातार डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, प्रक्रिया सरलीकरण और पारदर्शिता को बढ़ावा देने की दिशा में कदम उठा रहा है। ऑनलाइन वेंडर रजिस्ट्रेशन पोर्टल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

