Bokaro: माराफारी थाना पुलिस ने वर्ष 2019 में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी वैभव मिश्रा (23) को उत्तर प्रदेश के हरदोई से गिरफ्तार किया है। उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से आठ अगस्त को उसके घर पर छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा गया।

2019 में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, माराफारी थाना कांड संख्या 56/2019 के तहत 15 सितंबर 2019 को धारा 406, 407, 467, 468, 471, 420 और 120बी भादवि में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपी पर धोखाधड़ी और छल के जरिए शिकायतकर्ता से 1.60 लाख रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कराने का आरोप है।

हरदोई कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हरदोई न्यायालय में पेश किया गया। वहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस उसे 10 अगस्त को बोकारो लेकर पहुंची। इसके बाद वैभव मिश्रा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यूपी के हरदोई का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा, पिता अवध बिहारी मिश्रा, निवासी ऊंचा थोक, देवखल बाबा मंदिर के समीप, थाना कोतवाली शहर, जिला हरदोई, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
यूपी पुलिस के सहयोग से हुई कार्रवाई
छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार और आरक्षी 119 अबोध रजवार शामिल थे। कार्रवाई में उत्तर प्रदेश पुलिस ने भी सहयोग किया।

