Bokaro: जिले के कसमार प्रखंड के कई गांवों में बुधवार को लोमड़ी के हमले से दहशत फैल गयी। अलग-अलग स्थानों पर लोमड़ी ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत 12 लोगों को घायल कर दिया। सबसे गंभीर घटना नावाडीह गांव में हुई, जहां घर के बाहर खेल रही साढ़े चार साल की बच्ची रूही कुमारी पर लोमड़ी ने हमला कर दिया। हमले में बच्ची के चेहरे पर गंभीर चोटें आयी हैं। बाद में रघुनाथपुर इलाके में खेत में ग्रामीणों ने लोमड़ी को घेर लिया। ग्रामीणों के अनुसार, हमला करने की कोशिश के बाद उन्होंने लोमड़ी को मार डाला।

बोकारो वन प्रभाग के वन अधिकारी संदीप शिंदे ने कहा, “घायल ग्रामीणों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। वन टीम मौके पर पहुंच गई है।”
घर के बाहर खेल रही बच्ची पर झपटी लोमड़ी
नावाडीह गांव निवासी निर्मल महतो की साढ़े चार वर्षीय बेटी रूही कुमारी बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे नहाने के बाद घर के सामने खेल रही थी। इसी दौरान अचानक एक लोमड़ी वहां पहुंची और बच्ची पर झपट पड़ी। परिजनों के अनुसार, लोमड़ी ने बच्ची के चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। बच्ची के चेहरे पर कई जगह चोटें आयी हैं। रूही के रोने की आवाज सुनकर उसके बड़े चाचा राजेश महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्ची को बचाने का प्रयास किया तो लोमड़ी ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की। हालांकि, राजेश किसी तरह खुद को बचाने में सफल रहे और बच्ची को लोमड़ी के चंगुल से छुड़ा लिया।

प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी में भर्ती
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गयी। घायल रूही को पहले स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कसमार में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में बच्ची का इलाज चल रहा है।
कई गांवों में 12 लोग घायल
स्थानीय जानकारी के अनुसार, लोमड़ी के हमले से कसमार प्रखंड के कई गांवों में कुल 12 लोग घायल हुए हैं। घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घायलों की पहचान नावाडीह के रूही कुमारी (4.5), राहुल महतो (32) और राहुल कुमार (25); बगदा के गौतम कुमार स्वर्णकार (47); टांगटोना की राधा महतो (75), लालमणि देवी (30) और पार्वती देवी (30); पुरनी बगियारी के राकेश कुमार महतो (10); रघुनाथपुर की जुली कुमारी (17), अनूप कुमार महतो (30) और झालु देवी (65); तथा लालमटिया की बुधनी देवी (33) के रूप में हुई है।
रघुनाथपुर के खेत में ग्रामीणों ने लोमड़ी को घेरा
लगातार हमलों के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और भय दोनों का माहौल बन गया। बताया गया कि लोमड़ी बाद में रघुनाथपुर के एक खेत में पहुंची। वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि लोमड़ी ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया, जिसके बाद उन्होंने उसे मार डाला।
पहली बार सामने आया ऐसा मामला
रूही की मां भुवनेश्वरी कुमारी और पड़ोसी बिहारी महतो ने बताया कि गांव में लोमड़ी के इस तरह हमला करने की घटना पहले कभी नहीं हुई थी। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी वन विभाग को दे दी है। हाल के दिनों में मानव-बस्ती के आसपास वन्यजीवों की गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ी है। ऐसे में ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।
नोट: लोमड़ी को ग्रामीणों द्वारा मारे जाने की सूचना स्थानीय विवरण के आधार पर है। वन विभाग की ओर से घटना और वन्यजीव की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि का विवरण उपलब्ध होने पर खबर को अपडेट किया जायेगा।
(Report by Dipak Sawal)
