Bokaro: रांची में जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा की ओर से बुलाए गए झारखंड बंद का मंगलवार को बोकारो जिले में मिलाजुला असर देखने को मिला। बोकारो टाउनशिप में जहां सामान्य दिनों की तरह जनजीवन और आवाजाही सामान्य रही, वहीं कसमार के दांतू, पेटरवार, फुसरो और जैनामोड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।

कसमार प्रखंड के दांतू में भाजपा के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने बोकारो-रामगढ़ उच्च पथ को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। प्रदर्शनकारियों ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार लाठी और गोली के बल पर जनआंदोलन को दबा नहीं सकती। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों से युवाओं के भविष्य पर असर पड़ रहा है और सरकार को इस मामले में पारदर्शी कार्रवाई करनी चाहिए। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों से सड़क खाली करने का आग्रह किया।

पेटरवार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने छत्रु राम महतो चौक के पास एनएच-23 बोकारो-रामगढ़ मार्ग को सुबह 8:30 से 11 बजे तक जाम रखा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लगी रही। कार्यकर्ताओं ने कहा कि एंबुलेंस, एयरपोर्ट, सब्जी और अन्य आपातकालीन वाहनों को जाम से मुक्त रखा गया।
फुसरो के निर्मल महतो चौक पर भी बंद समर्थकों ने सड़क जाम कर छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन किया, जिससे डुमरी-जैनामोड़ मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। वहीं जैनामोड़ में जरीडीह भाजपा कमेटी के कार्यकर्ताओं ने फोरलेन सड़क जाम कर विरोध जताया। बंद को देखते हुए बेरमो और अन्य क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात सामान्य कराने के प्रयास किए।

