बोकारो: बालीडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हुए सड़क हादसे में रेलवे के IRCTC बेस किचन में मैनेजर पद पर कार्यरत 45 वर्षीय अरविंद वर्मा की मौत हो गई। हादसा एनएच-23 पर गोस्वामी टोला के समीप बालीडीह-जैनामोड़ मार्ग पर हुआ। मृतक उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।
ड्यूटी के लिए बेस किचन लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार, अरविंद वर्मा बाइक से बालीडीह के गायत्री नगर से बालीडीह मोड़ स्थित IRCTC बेस किचन की ओर ड्यूटी के लिए लौट रहे थे। इसी दौरान गोस्वामी टोला के पास सड़क पार करने के दौरान बोकारो की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो पिकअप वैन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

30 मीटर तक घसीटता ले गया वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो पिकअप वैन अरविंद वर्मा को करीब 30 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल अरविंद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

थाना प्रभारी ने की घटना की पुष्टि
बालीडीह थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तेज रफ्तार और अनियंत्रित बोलेरो पिकअप की चपेट में आने से रेलकर्मी की मौत हुई है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को जब्त कर लिया है।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों को दी जा रही सूचना
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी जा रही है। अरविंद वर्मा के शव को आवश्यक प्रक्रिया के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
